यूपी उत्तराखंड भाजपा में चुनाव पूर्व मचेगी भगदड़, यूपी के चार मंत्री प्रियंका के सम्पर्क में- कांग्रेस।

मीडिया ग्रुप, 12 अक्टूबर, 2021

उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख नेताओं के पाला बदलने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसकी बड़ी शुरुआत उत्तराखंड से हुई।

उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उस समय बड़ा झटका लगा, जब राज्य के परिवहन मंत्री यशपाल आर्य भगवा दल छोड़कर अपने पुत्र एवं विधायक संजीव आर्य के साथ सोमवार को फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए। यशपाल 2007 से 2014 तक कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष थे।

वह उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले 2017 में भाजपा में शामिल हो गए थे। यशपाल आर्य और उनके बेटे राष्ट्रीय राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं हरीश रावत, के सी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए। इससे पहले उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास में मुलाकात की थी।

इन नेताओं के चुनाव से पूर्व पाला बदलने की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश में कांग्रेस, सपा और बसपा छोड़ कर भाजपा में गये नेता अब कांग्रेस और सपा नेताओं से संपर्क कर रहे हैं, ताकि वह टिकट मिलने के आश्वासन के साथ भाजपा छोड़ कर कांग्रेस अथवा समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकें।

कांग्रेस सूत्रों ने दावा किया कि योगी सरकार के चार मंत्री प्रियंका गांधी के संपर्क में हैं और वह जल्दी ही भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा कर सकते हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने किसी नाम का खुलासा तो नहीं किया लेकिन उन्होंने दलील दी कि प्रियंका गांधी जिस तरह प्रदेश में सक्रिय हो कर योगी सरकार से टक्कर ले रहीं हैं।

उससे माहौल बदला है और कांग्रेस मज़बूत विकल्प के रूप में उभर रही है। यही कारण है कि जो नेता अपने पुराने दलों को छोड़ कर भाजपा में गये थे वह भाजपा छोड़ कर दूसरे दलों के संपर्क में हैं। माना जा रहा है कि चुनाव आते आते उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश भाजपा में बड़ी भगदड़ मचेगी, जिसकी शुरुआत आज उत्तराखंड से यशपाल आर्य और अन्य नेताओं ने की है।

यशपाल ने कांग्रेस में शामिल होने के तुरंत बाद कहा, ‘‘यह मेरे लिए एक महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि मैं अपने परिवार में लौट आया हूं। यह मेरी घर वापसी है। मेरे लिए इससे अधिक खुशी का दिन नहीं हो सकता। मैं अपनी वापसी के बाद राहत महसूस कर रहा हूं।’’ यशपाल राज्य की बाजपुर (एससी) विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।

वह इससे पहले मुक्तेश्वर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते थे। वह हरीश रावत के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में मंत्री थे और वह उत्तराखंड की पहली विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। यशपाल ने कहा कि वह पार्टी को मजबूत करने के लिए नि:स्वार्थ भाव से काम करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यदि कांग्रेस मजबूत बनकर उभरती है, तो लोकतंत्र और मजबूत होगा।’’