चंडीगढ़ मेयर का इस्तीफा: सुप्रीम कोर्ट में आज अहम सुनवाई, आप के तीन पार्षदों ने थामा भाजपा का दामन

चंडीगढ़ के मेयर मनोज सोनकर ने इस्तीफा दे दिया है। 30 जनवरी को उन्हें मेयर चुना गया था। उनके चयन पर काफी विवाद हुआ था। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया था। आज इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। इससे पहले, रविवार रात मेयर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जेपी मल्होत्रा ने इसकी पुष्टि की है।

गौर हो कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में पीठासीन अधिकारी की एक वीडियो भी वायरल हुई थी, जिसमें वह कथित रूप से अवैध करार दिए पार्षदों के वोटों पर निशान लगाते दिखाई दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर चंडीगढ़ प्रशासन को फटकार लगाई थी और मामले की अगली सुनवाई 19 फरवरी को रखी गई है। जिसको लेकर चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से जवाब दाखिल किया जाएगा।

आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, वहीं आप के तीन पार्षद भाजपा में शामिल हो गए हैं। ये पहले से ही भाजपा के संपर्क में बताए जा रहे हैं। अब भाजपा के पास 14 की जगह 17 पार्षद हो गए हैं और एक वोट भाजपा सांसद का पार्टी के खाते में होगा।