उधमसिंह नगर : गुरुद्वारा साहिब के पाठी के घर में घुसकर बदमाशो ने किया जानलेवा हमला, कई घायल

गदरपुर। बोलेरो और ऑल्टो से पंहुचे लाठी- डंडों से लैस करीब दर्जनभर लोगों ने कोपा कृपाली गांव के एक घर पर धावा बोल दिया। हमले में मुखिया समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए। पीड़ित ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद पुलिस को तहरीर दी।

बाबा जंगीर सिंह, गांव कोपा कृपाली गुरुद्वारे के पाठी हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात 8.30 पर अपने परिवार के साथ घर में थे। इसी बीच अचानक उनके घर पर बोलेरो व ऑल्टो कार आकर रुकी। अभी वह कुछ समझ पाते कि 10 से 15 महिलाएं व पुरुषों ने उतरते ही लाठियों से हमला कर दिया। इस बीच जंगीर सिंह पर बोलेरो चढ़ाने का प्रयास किया गया। इसमें उनको गंभीर चोटे आईं।

हमले में उनकी पत्नी, बड़ी पुत्रवधू, छोटा पुत्र भी घायल हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी छोटी पुत्रवधू ने ही इन लोगों को बुलाया था। मारपीट के बाद वह लोग उनकी छोटी पुत्रवधू व उसके बच्चे को अपने साथ ले गये। पीड़ित ने आठ लोगों के खिलाफ पुलिस चौकी गूलरभोज में तहरीर देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। इधर, चौकी प्रभारी गणेश भट्ट ने कार्रवाई का आश्वासन दिया ही। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।