परिवार समेत धार्मिक यात्रा पर निकले व्यापारी के घर चोरी

एक बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने चैनल का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो सके।

किच्छा। मदन मोहन की चुकटी देवरिया में हाईवे किनारे “प्रगति किराना स्टोर” नाम से दुकान है, जबकि उनका घर दुकान से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। बीते गुरुवार दोपहर वह अपनी पत्नी, पुत्र व पुत्रवधू के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे। उन्हें 11 मार्च को लौटना था।

इसी दौरान गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाकर उनके घर के चैनल का ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए। अनुमान है कि चोरों ने घर में रखा कीमती सामान चुरा लिया। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही लालपुर पुलिस चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह रिंगवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फिलहाल चोरी गए सामान का सही आकलन मदन मोहन के वापस लौटने के बाद ही किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।