रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वागत के लिए सोमवार को भारी जनसमुदाय उमड़ पड़ा। रोड शो के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और पुष्प वर्षा से माहौल उत्सव जैसा नजर आया। रोड शो गल्ला मंडी से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए गांधी पार्क पहुंचा। युवा कार्यकर्ताओं ने सीएम के स्वागत में बाइक रैली भी निकाली।
सोमवार दोपहर करीब सवा बारह बजे मुख्यमंत्री धामी हेलिपैड पहुंचे, जहां जिला प्रशासन के अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला वेंडिंग जोन पहुंचा, जहां उन्होंने फीता काटकर वेंडिंग जोन का शुभारंभ किया। फिर वे गल्ला मंडी पहुंचे, जहां महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री फूलों से सजे वाहन में सवार हुए, जिसमें विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी मौजूद थे।
सीएम धामी के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में लोग मौजूद थे। भवनों की छतों से भी कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। रोड शो के दौरान विभिन्न संस्कृतियों की झलक भी देखने को मिली, वहीं जगह-जगह आतिशबाजी की गई। जेसीबी में सवार कार्यकर्ताओं ने भी सीएम धामी पर फूल बरसाए। मुख्य बाजार में अग्रवाल सभा, श्री सनातन धर्म सभा, ब्राह्मण सभा, केमिस्ट एसोसिएशन, देवभूमि व्यापार मंडल, गुरुद्वारा श्री सिंह सभा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने स्टॉल लगाए और पुष्प वर्षा की।
सीएम धामी ने भी जनता पर फूल बरसाकर अभिवादन स्वीकार किया। गांधी पार्क पहुंचने के बाद उन्होंने सरकार के तीन साल पूरे होने पर आयोजित बहुद्देशीय शिविर में विभागों और स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा समूह से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। इसके पश्चात करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में जनता को देखकर ऐसा लग रहा है मानो उनके ऊपर आशीर्वाद की वर्षा हो रही है। उन्होंने रुद्रपुर नगर निगम में ट्रिपल इंजन सरकार बनाने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास पर सरकार पूरी तरह खरी उतरी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सेवा, सुशासन और विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। सरकार शहरों से लेकर सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक सड़क कनेक्टिविटी बढ़ाने और हेली सेवा के माध्यम से प्रदेश की एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ किया गया है। करीब 30 से अधिक नीतियों के माध्यम से रोजगार के अवसर विकसित किए गए हैं, जिससे पलायन की समस्या कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
गरीब परिवारों को पक्के घर, मुफ्त राशन, और गैस सिलेंडर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसानों के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है और उनकी फसलों पर एमएसपी बढ़ाने के साथ-साथ कृषि उपकरण खरीदने में भी सहायता दी जा रही है। हाल ही में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर यह साबित कर दिया कि अब यह राज्य किसी से कम नहीं है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2023-24 में सतत विकास लक्ष्यों के इंडेक्स में उत्तराखंड पहले स्थान पर रहा है और बेरोजगारी दर में 4 प्रतिशत की कमी आई है। समान नागरिक संहिता कानून, कठोर नकल विरोधी कानून और भू-कानून जैसे बड़े सुधारों को लागू किया गया है। महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत आरक्षण, पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी, छात्रों को छात्रवृत्ति और 207 प्रकार की निशुल्क पैथोलॉजी जांच की सुविधा दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उधम सिंह नगर में विकास कार्यों की गति तेज कर दी गई है। मेडिकल कॉलेज का निर्माण 2026 तक पूरा हो जाएगा, किच्छा में एम्स का सैटेलाइट सेंटर बन रहा है और पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा विकसित किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने जमरानी बांध योजना को भी मंजूरी दे दी है, जो पिछले 60 वर्षों से ठंडे बस्ते में पड़ी थी। जिले में करोड़ों की लागत से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
सीएम धामी ने कहा कि रुद्रपुर में नजूल भूमि की समस्या को सरकार ने हल कर दिया है। उत्तराखंड कई मामलों में देश में अग्रणी बन चुका है, लेकिन जब तक अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा नहीं पहुंच जाती, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा द्वारा दी गई मांगों पर जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, काशीपुर के मेयर दीपक बाली, रामपाल सिंह, गुंजन सुखीजा, सुनील ठुकराल, धीरेश गुप्ता, प्रेम सिंह राणा सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को त्रिशूल भेंट कर सम्मानित किया। महापौर ने मंच से रुद्रपुर की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए मुख्यमंत्री को 20 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इनमें अटरिया माता मंदिर के सौंदर्यीकरण, बगवाड़ा से तीन पानी डाम तक सड़क किनारे नाले को कवर कर चौड़ीकरण, मुख्य बाजार में बचे हुए फुटपाथ और नाले का निर्माण, शिवनगर मोड़ पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, ट्रांजिट कैंप में सिटी पार्क, गंगापुर रोड चौड़ीकरण और रुद्रपुर को स्पोर्ट्स सिटी के रूप में विकसित करने जैसी मांगें शामिल थीं।