व्यापार मंडल चुनाव पर रोक लगाने के लिए धरना प्रदर्शन

किच्छा। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर इकाई के चुनाव पर रोक लगाने की मांग को लेकर व्यापार मंडल के निवर्तमान महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष सहित नगर के दो दर्जन से अधिक व्यापारियों ने उप जिला अधिकारी कार्यालय के सम्मुख टेंट लगाकर धरना प्रदर्शन किया।

चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाए जाने की मांग कर रहे निवर्तमान महामंत्री विजय अरोड़ा का कहना है कि नगर में संगठन के नियम के अनुसार चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं जिससे नगर में माहौल खराब हो रहा है। विजय अरोड़ा का आरोप है कि चुनाव समिति द्वारा प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की नियमावली को ताक पर रखकर व्यापारियों को सदस्यता दी गई है तथा जीएसटी धारक व्यापारियों को छोड़ दिया गया है।

उन्होने कहा कि ‘यही नहीं एक प्रतिष्ठान पर दो-दो व्यापारियों को सदस्यता प्रदान की गई है जो कि अवैध है।’ उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि चुनाव समिति द्वारा बनाई गई मतदाता सूची को तत्काल जांच कर अवैध रूप से बनाए गए मतों को खारिज किया जाए। धरना प्रदर्शन के उपरांत उपस्थित तमाम व्यापारियों ने उप जिलाधिकारी कोस्तुभ मिश्र को एक शिकायती ज्ञापन सौंप कर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संगठन के पदाधिकारी संगठन की नियमावली की धज्जियां उड़ा रहे हैं जिस वजह से नगर में चुनाव को लेकर विरोध के स्वर मुखर हुए हैं।

नगर चुनाव समिति के पदाधिकारी सतपाल गाबा, राजेंद्र अरोड़ा, अभय कुमार सिंह के साथ जिला अध्यक्ष राजकुमार भट्ट द्वारा उप जिलाधिकारी से वार्ता की गई तथा चुनाव के संबंध में दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए। इस दौरान चुनाव प्रक्रिया का विरोध कर रहे व्यापारियों द्वारा भी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए हैं।

धरना प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना है कि कार्यालय द्वारा जिला कार्यकारिणी से दस्तावेज उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई थी जिस पर प्रदेश संगठन ने उप निबंधक कार्यालय से 10 दिन का समय मांगा गया है जिस वजह से भी चुनाव प्रक्रिया संपन्न नहीं कराई जानी चाहिए। इस दौरान धरना प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों एवं जिला पदाधिकारी के बीच नोक झोक होते-होते बच गई जिसे उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा द्वारा नियंत्रित कर लिया गया। इस दौरान धरना प्रदर्शन करने वालों में व्यापारी विजय अरोड़ा के साथ नितिन फुटेला, मनमोहन सक्सेना, संजीव सिंह महेंद्र पाल सिंह, अरूण तनेजा, प्रमोद ठुकराल आदि लोग उपस्थित थे।