उत्तराखंड की पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, धामी सरकार ने जारी किया आदेश

उत्तराखंड की ब्यूरोक्रेसी में लंबे समय तक अहम भूमिका निभाने वाली वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राधा रतूड़ी को राज्य सरकार ने मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया है। वे इस पद पर नियुक्त होने वाली उत्तराखंड की पहली महिला बन गई हैं।

राधा रतूड़ी हाल ही में 31 मार्च को मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। सेवा के दौरान उन्होंने राज्य में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और दो बार छह-छह महीने का सेवा विस्तार भी प्राप्त किया था। वे उत्तराखंड की पहली महिला मुख्य सचिव भी रह चुकी हैं।

मुख्य सूचना आयुक्त पद पर उनकी नियुक्ति की चर्चाएं पहले से ही तेज थीं, जिन्हें अब औपचारिक रूप दे दिया गया है। सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार सुमन द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

1992 बैच की आईएएस अधिकारी राधा रतूड़ी ने अपने लंबे प्रशासनिक करियर में अपनी दक्षता और नेतृत्व क्षमता से एक अलग पहचान बनाई है। अब मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में उनकी नई भूमिका से राज्य में सूचना के अधिकार को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।