उत्तराखंड : कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और विधायक उमेश शर्मा काऊ की कांग्रेस में वापिसी की अटकलें तेज, दोनों नेता दिल्ली रवाना।

मीडिया ग्रुप, 16 अक्टूबर, 2021

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर दलबदल का सियासी खेल शुरू हो गया है। धामी कैबिनेट में शामिल यशपाल आर्य के बाद अब कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की घर वापसी की चर्चाओं से सियासी गलियारों में जबरदस्त हलचल पैदा हो गई है।

शनिवार को दोपहर बाद अचानक कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और विधायक उमेश शर्मा काऊ दिल्ली रवाना हो गये है।  बताया जा रहा है कि डा. हरक सिंह रावत और उमेश शर्मा काऊ के साथ उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह भी दिल्ली गये है।

बताया जा रहा है कि भाजपा प्रदेश संगठन की ओर से कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की नराजगी को दूर करने के लिये प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष का पद देने का आफर किया गया है। हरक सिंह रावत के दिल्ली जाने के बाद से इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि हरक को कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।

हरक सिंह रावत नाराजगी व्यक्त करते हुए कई बार सार्वजनिक बयान दे चुके हैं और वह आगामी 2022 का चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान भी कर चुके है। कयास लगाए जा रहे हैं भाजपा उनको प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है। हालांकि अभी यह केवल चर्चाएं हैं। हरक सिंह रावत लगातार खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे।

बहरहाल उत्तराखंड में अभी भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने खामोशी की चादर ओढ़ ली हैं जबकि सत्तासीन भाजपा नेताओं में बेचैनी बढ़ गई है।