उत्तराखंड : भाजपा अपने घोषणा पत्र के अनुसार लोकायुक्त नियुक्ति का वादा पूरा नहीं कर सकी, अब कांग्रेस ने घोषणा पत्र में लोकायुक्त का किया वादा।

मीडिया ग्रुप, 08 फरवरी, 2022

लेखक- गुरबाज सिंह, विधि संपादक- मीडिया ग्रुप

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 14 फरवरी को होने हैं जिसके लिए कांग्रेस द्वारा अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया गया है लेकिन भारतीय जनता पार्टी एवं आम आदमी पार्टी द्वारा अभी तक अपना घोषणा पत्र जारी नहीं किया गया है

हालांकि आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी 10 चुनावी घोषणाएं सामने रखकर मुख्य घोषणापत्र का ट्रेलर दिखा दिया है।

भाजपा ने घोषणापत्र जारी करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में कमेटी बनाई थी। सभी 70 विधानसभा सीटों से हजारों की संख्या में सुझाव भी प्राप्त किए थे, लेकिन घोषणापत्र जारी करने के मामले में पार्टी कांग्रेस से पिछड़ गई है। कांग्रेस ने न सिर्फ घोषणापत्र जारी किया बल्कि सोमवार को उसने सरकार गठन के बाद घोषणापत्र को अमलीजामा पहनाने के लिए एक अलग मंत्रालय बनाने का भी एलान कर दिया। कांग्रेस द्वारा अपने घोषणा पत्र में राज्य में लोकायुक्त की नियुक्ति करने की भी बात कही है

भाजपा बार-बार घोषणापत्र टाले जाने से भाजपा की रणनीति पर सवाल उठ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने दो फरवरी को घोषणापत्र जारी करने का एलान किया था। उसके बाद पार्टी ने सात फरवरी की तिथि तय की थी। इस तारीख पर घोषणापत्र जारी नहीं हुआ। अब पार्टी आठ फरवरी को भी घोषणापत्र जारी नहीं कर रही है।भाजपा की ओर से नौ फरवरी को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी घोषणापत्र जारी कर सकते हैं।

2017 में विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपना घोषणा पत्र जारी कर कहा था कि सत्ता में आने पर 100 दिन के अंदर उत्तराखंड में लोकायुक्त की नियुक्ति की जाएगी लेकिन 5 साल तक सत्ता में रहने और इस दौरान तीन मुख्यमंत्रियों के बदले जाने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं कर सकी है ।

लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर उत्तराखंड हाई कोर्ट में भी मामला पहुंचा, इसके उपरांत सर्वोच्च न्यायालय में भी उत्तराखंड की मांग को लेकर सुनवाई हुई लेकिन भारतीय जनता पार्टी अपने घोषणा पत्र में किए वादे को पूरा नहीं कर सकी, यहां तक कि लोकायुक्त नियुक्ति पर उत्तराखंड हाई कोर्ट एवं सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेशों का भी अनुपालन भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा नहीं किया गया ।

कांग्रेस द्वारा अपने घोषणा पत्र में लोकायुक्त नियुक्ति का वादा किया है, अब देखना है कि भाजपा अपने घोषणा पत्र में लोकायुक्त को लेकर क्या करती है।