उत्तराखंड : डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तोड़ने पर हंगामा, पुलिस बल तैनात।

मीडिया ग्रुप, 03 मार्च, 2023

उत्तराखंड के रुड़की में असमाजिक तत्वों ने झबरेड़ा थाना क्षेत्र के भिस्ती पुर गांव में संत रविदास मंदिर में घुसकर डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिससे लोगों में रोष है। घटना की जानकारी मिलने पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता भड़क गये उन्होंने जमकर हंगामा काटा और मूर्ति तोड़ने वालों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

जानकारी के मुताबिक भिस्तीपुर गांव में संत रविदास का मंदिर है। मंदिर परिसर में बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडर की मूर्ति भी लगी थी। रात्रि में कुछ असमाजिक तत्वों ने मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का पता शुक्रवार की सुबह चला। जिसके बाद मंदिर परिसर में भीड़ जमा हो गयी।

जानकारी मिलने पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर आस पास के थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मूर्ति तोड़ने वालों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असामाजिक तत्वों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।