हल्द्वानीः घरेलू विवाद में पत्नी ने खोया आपा, पति पर चाकू से किया हमला; फिर खुद अस्पताल पहुंचाया

हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित एक कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान दंपती के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने पति पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू पति की जांघ में लगने से वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद पत्नी ने ही घरेलू सहायिका की मदद से पति को कार से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।

बताया जा रहा है कि दंपती ने कुछ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था और वर्तमान में हल्द्वानी में ही रहते हैं। रविवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। काफी देर तक कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और इसी दौरान पत्नी ने पति पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में पति के घायल होने के बाद पत्नी ने स्थिति संभाली और घरेलू सहायिका की मदद से उसे कार से अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।

इसी दौरान अस्पताल में पति-पत्नी के बीच बातचीत हुई। पुलिस के अनुसार, कुछ समय बाद दोनों का गुस्सा शांत हो गया और पत्नी ने अपनी गलती के लिए पति से माफी मांग ली। इसके बाद दोनों के बीच मामला शांत हो गया।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। हालांकि, दंपती ने पुलिस से किसी तरह की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। दोनों ने इसे आपसी घरेलू विवाद बताते हुए मामले को आगे नहीं बढ़ाने की बात कही।

सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार, दंपती ने आपसी बातचीत के बाद कार्रवाई से इनकार किया है।