बिलासपुर : कनाडा निवासी युवक की शादी में फर्जी दस्तावेजों का खेल, ₹3 करोड़ की फिरौती वसूलने का आरोप

बिलासपुर। पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र में कथित फर्जीवाड़ा कर कनाडा निवासी युवक की शादी कराने, बाद में ₹3 करोड़ की ब्लैकमेलिंग करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता रंजीत सिंह ने बताया कि उनका पुत्र गमनदीप सिंह वर्ष 2022 से कनाडा का नागरिक है और वहीं रह रहा है। आरोप है कि हरभजन सिंह के भतीजे गुरपिंद्र सिंह ने साजिश के तहत 15 अप्रैल 2022 को हरभजन सिंह की पुत्री के साथ गमनदीप सिंह का विवाह कराया। विवाह के कुछ दिन बाद गमनदीप सिंह वापस कनाडा लौट गया।

शिकायत में कहा गया है कि महिला को कनाडा बुलाने के लिए पासपोर्ट की आवश्यकता पड़ी। इस दौरान पहले से बने पासपोर्ट में जन्मतिथि में अंतर होने के कारण पुलिस सत्यापन (पीसी) की प्रक्रिया अटक गई। आरोप है कि इसके बाद हरभजन सिंह, उनकी पत्नी, पुत्री, दिलबाग सिंह, गुरपिंद्र सिंह और बरजिंदर सिंह ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नया पासपोर्ट बनवा लिया।

रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विवाह कराने के बाद आरोपियों ने रंजिशवश थाना मूंढापांडे में दहेज उत्पीड़न और भ्रूण हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद गुरुचरन सिंह के माध्यम से शिकायतकर्ता पक्ष को ब्लैकमेल कर ₹3 करोड़ वसूल लिए गए और राजीनामा भी लिखवा लिया गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 13 जुलाई की सुबह करीब आठ बजे जब वह रुद्रपुर से बिलासपुर आ रहे थे, तभी योगेश कुमार के बाग के पास हरभजन सिंह और बरजिंदर सिंह बंदूक लेकर कार से उतरे। उनके साथ तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी, जबरन गाड़ी से उतारकर मारपीट की और शोर मचाने पर फरार हो गए।

सीओ बिलासपुर हर्षिता सिंह ने बताया कि मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।