रिपोर्ट : राजीव कालड़ा
ऊधमसिंह नगर। आपत्तिजनक वीडियो बनाकर एक व्यक्ति को ब्लैकमेल करने और उससे लाखों रुपये वसूलने के मामले का काशीपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार निवासी बिजनौर को काशीपुर-रामनगर रोड स्थित प्रतापपुर बैरियर के पास से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक लाख रुपये की नकदी और एक कार बरामद की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
काशीपुर पुलिस के मुताबिक, कुंडेश्वरी निवासी पीड़ित ने 10 अगस्त को कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने षड्यंत्र के तहत उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई और उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपये की मांग की गई। पीड़ित ने आरोपियों पर तमंचे के बल पर मारपीट करने और रकम वसूलने का भी आरोप लगाया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 308(5) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज धौनी को सौंपी गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी और शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले का मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार प्रतापपुर बैरियर के पास मौजूद है। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को ब्लैकमेल करने की योजना बनाए जाने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी देकर धनराशि वसूली गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद एक लाख रुपये को पीड़ित से वसूली गई रकम में से बताया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बताई जा रही कार भी बरामद की गई है। पुलिस अब फरार आरोपियों की भूमिका की जांच करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
