उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा पर बड़ा फैसला: डांस टीचर से लेकर बुटीक तक नए नियम लागू

उत्तर प्रदेश में महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने राज्यभर में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए नौ बिंदुओं वाले दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह निर्णय एक अधिवक्ता की याचिका पर सुनवाई के बाद लिया गया।

नए निर्देशों के तहत अब लड़कियों को डांस सिखाने के लिए महिला शिक्षिका की नियुक्ति अनिवार्य होगी। बुटीक सेंटरों में महिला ग्राहकों के कपड़ों की नाप केवल महिला टेलर ही लेंगी। जिम, योग केंद्र और नाट्य कला संस्थानों में महिला प्रशिक्षकों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ सभी प्रशिक्षकों का सत्यापन भी जरूरी किया गया है।

आयोग ने महिलाओं से संबंधित वस्त्र बेचने वाली दुकानों में महिला कर्मचारियों की नियुक्ति, कोचिंग सेंटरों और जिम में सीसीटीवी कैमरे व डीवीआर सिस्टम लगाने, तथा उचित वाशरूम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्कूल बसों में महिला सुरक्षाकर्मी या महिला शिक्षक की मौजूदगी और जिम-योग केंद्रों में प्रवेश के समय पहचान पत्र की प्रति जमा करना भी अनिवार्य किया गया है।