रुद्रपुर : चाबियां छीनने से भड़के ई-रिक्शा चालक, छोटा हाथी स्वामियों से विवाद

रिपोर्ट : मनीष ग्रोवर 

रुद्रपुर। गल्ला मंडी परिसर में रविवार अपराह्न सामान ले जा रहे ई-रिक्शा को छोटा हाथी वाहन स्वामियों द्वारा रोककर चाबी निकाल लेने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर मंडी में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलने पर व्यापारी नेताओं ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत की और मामला शांत कराया।

ई-रिक्शा चालकों का आरोप है कि छोटा हाथी वाहन स्वामी पिछले करीब दो माह से उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्हें गल्ला मंडी से सामान ले जाने से रोका जा रहा है। सामान लदे ई-रिक्शा को रोककर उसकी चाबी निकाल लेने के साथ ही उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं।

वहीं, छोटा हाथी वाहन स्वामियों का कहना है कि ई-रिक्शा चालक मंडी से सामान ढो रहे हैं, जिससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि ई-रिक्शा सवारियां ले जाने के लिए हैं, सामान ढोने के लिए नहीं।

रविवार को भी सामान लेकर जा रहे ई-रिक्शा को रोककर उसकी चाबी निकाल लेने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मौके पर पहुंचे व्यापारी नेता हरीश अरोरा ने कहा कि बाजार और मोहल्लों की छोटी गलियों में सामान से भरा छोटा हाथी आसानी से नहीं जा सकता। वहीं, कम मात्रा में सामान के लिए किसी व्यक्ति या व्यापारी के लिए छोटा हाथी बुक करना भी व्यावहारिक नहीं है।

उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा को जबरन रोककर उसकी चाबी निकालने का अधिकार किसी को नहीं है। दोनों पक्षों को अपनी समस्या प्रशासनिक अथवा पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखनी चाहिए। साथ ही व्यापार मंडल के स्तर पर वार्ता कर विवाद का समाधान निकाला जाना चाहिए। बातचीत के बाद दोनों पक्ष मौके से चले गए।