किच्छा : हाईवे पर ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, बाइक सवार महिला गोली लगने से घायल

किच्छा। पुरानी रंजिश के चलते मंगलवार रात पुलभट्टा थाना क्षेत्र में हाईवे पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग की चपेट में आने से मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम दोपहरिया निवासी जगजीत सिंह ने बताया कि वह 30 जून की रात करीब 9:20 बजे अशोक लीलैंड की चेसिस लेकर मुंबई के लिए रवाना हुआ था। आरोप है कि गांव के बाहर पहले से खड़ी दो कारों से निकले पांच लोगों ने उसे रोककर जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायरिंग कर दी। वह किसी तरह वाहन लेकर वहां से निकल गया, लेकिन आरोपी लगातार उसका पीछा करते रहे और सिरौलीकला चौराहे, खालसा ढाबा तथा गौला पुल के पास भी चलती गाड़ी पर फायरिंग करते रहे।

इसी दौरान हाईवे से गुजर रही एक मोटरसाइकिल पर सवार महिला गोली लगने से घायल हो गई। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया। महिला का उपचार जारी है।

जगजीत सिंह ने बताया कि उसकी चेसिस गाड़ी की बॉडी और बैक लाइट पर भी गोलियों के निशान मिले हैं। उसने आरोप लगाया कि नामजद आरोपी उससे पुरानी रंजिश रखते हैं और पूर्व में भी उस पर जानलेवा हमला कर चुके हैं, जिसकी रिपोर्ट थाना बिलासपुर में दर्ज है।

पुलभट्टा थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद फायरिंग के वास्तविक कारणों का भी पता चल सकेगा।