रिपोर्ट: बादल गंगवार
उधमसिंह नगर। पार्टी के दौरान पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख हरदीप सिंह के पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
काशीपुर। कुंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पार्टी के बाद पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख हरदीप सिंह को गोली लगने का मामला सामने आया है। उनकी मां रजविंदर कौर ने कुंडा थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा हरदीप सिंह शुक्रवार शाम करीब सात बजे दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। पार्टी समाप्त होने के बाद सभी दोस्त संदीप सिंह के घर चले गए।
रजविंदर कौर के अनुसार, रात करीब एक बजे संदीप सिंह का फोन आया। उसने बताया कि हरदीप सिंह को गोली लग गई है और वह गंभीर रूप से घायल है। इसके बाद परिजन मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए हरदीप को हायर सेंटर रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उसे रात में ही दिल्ली ले गए।
इधर, घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि देर रात करीब आठ से दस राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद किसी व्यक्ति को गोली लगने की जानकारी सामने आई।
सूचना मिलने पर शनिवार दोपहर एसपी स्वप्न किशोर सिंह, सीओ प्रशांत कुमार और कुंडा थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पार्टी वाले ढाबे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर घटनाक्रम से संबंधित साक्ष्य जुटाए गए।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस अपने स्तर से हर पहलू की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जिस घर में घटना हुई, वहां परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला है। उनकी तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
