रुद्रपुर में स्कूल के बाहर छात्र पर रॉड से हमला, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर; परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
रुद्रपुर। शहर के एक निजी स्कूल के छात्र पर रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मामला रुद्रपुर के यूके कॉन्वेंट स्कूल का बताया जा रहा है। घायल छात्र के पिता बंटी के अनुसार, स्कूल की ओर से उन्हें फोन कर बताया गया कि उनके बच्चे के साथ किसी ने मारपीट की है। सूचना मिलते ही वह अपनी दुकान छोड़कर स्कूल पहुंचे और घायल बेटे को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए।
परिजनों के अनुसार, घटना स्कूल के बाहर हुई। उनका आरोप है कि स्कूल के कुछ छात्रों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की और रॉड से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का कहना है कि पिछले चार-पांच दिनों से कुछ बच्चे उनके बेटे को परेशान कर रहे थे। आरोप है कि घटना में स्कूल के छात्रों के साथ कुछ अन्य युवक भी शामिल थे।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि वह घटना में शामिल छात्रों को बचाने का प्रयास कर रहा है। उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन की ओर से उनसे स्कूल का नाम सार्वजनिक नहीं करने के लिए भी कहा गया।
घटना के बाद परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मारपीट में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। मामले में स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।
