ठुकराल ने विभिन्न छठ पूजा घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया, पूर्वांचल समाज को दी शुभकामनाएं
रुद्रपुर। छठ महापर्व के अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विभिन्न छठ पूजा घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना में सहभागिता की। उन्होंने पूर्वांचल समाज के लोगों को महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
रविवार देर शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान पूर्व विधायक विभिन्न पूजा स्थलों पर पहुंचे और श्रद्धालुओं के बीच समय बिताया। इसके बाद सोमवार तड़के भी उन्होंने छठ घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य की उपासना में सहभागिता की तथा भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया।
इस दौरान ठुकराल ग्राम प्रेमनगर, ग्राम कनटोपा, भगवानपुर, आदित्यनाथ झा इंटर कॉलेज खेड़ा, संतोषी माता मंदिर, रविंद्रनगर धोबीघाट, झील, ट्रांजिट कैंप फुटबॉल मैदान, जगतपुरा द्वितीय और अटरिया मंदिर स्थित छठ पूजा घाटों पर पहुंचे। विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं एवं पूर्वांचल समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने व्रती महिलाओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और छठी मैया से सभी परिवारों की खुशहाली की कामना की।
छठ महापर्व के अवसर पर शहर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार व्रती महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर छठी मैया की आराधना की। पूजा सामग्री से सजे दउरा और सूप के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से घाटों का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। यह भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना के साथ ही त्याग, तपस्या, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। व्रती महिलाएं कठिन निर्जला व्रत रखकर जिस श्रद्धा और समर्पण के साथ परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना करती हैं, वह हमारी समृद्ध धार्मिक परंपरा का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल समाज ने अपनी मेहनत, लगन और सांस्कृतिक परंपराओं से रुद्रपुर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध किया है। छठ महापर्व पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जिस उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की जाती है, वह सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक समरसता का सुंदर उदाहरण है। इस पर्व पर सभी समाजों के लोग एकजुट होकर श्रद्धालुओं की सेवा और पूजा की व्यवस्थाओं में सहयोग करते हैं।
ठुकराल ने कहा कि छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की कृपा सभी पर बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि का वास हो। उन्होंने क्षेत्र में आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की कामना करते हुए समस्त पूर्वांचल समाज एवं क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



