ऊधमसिंह नगर: फर्जी सरकारी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, भाजपा नगर पंचायत चेयरमैन गिरफ्तार

रुद्रपुर। उत्तराखंड पुलिस ने फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नगर पंचायत चेयरमैन को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह लंबे समय से आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र समेत अन्य सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर रहा था। इन दस्तावेजों का कथित रूप से सरकारी योजनाओं का गलत तरीके से लाभ लेने और पहचान संबंधी जानकारी बदलने में इस्तेमाल किया जा रहा था।

मामले का खुलासा बाजपुर पुलिस द्वारा एक संदिग्ध दस्तावेज की जांच के दौरान हुआ। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने कथित रैकेट से जुड़े कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पीलीभीत जिले की बरखेड़ा नगर पंचायत के चेयरमैन श्याम बिहारी का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

सीओ अखलेश कुमार के अनुसार, पूछताछ के दौरान कुछ और नाम सामने आए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।