रुद्रपुर में चेकिंग के दौरान हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने चालक को रौंदा, मौत; सिपाही घायल

रुद्रपुर में परिवहन विभाग की चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक चालक की मौत हो गई, जबकि परिवहन विभाग का एक सिपाही घायल हो गया। हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रक एआरटीओ की खड़ी गाड़ी से टकरा गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात परिवहन विभाग की टीम लालपुर चौकी के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक ट्रक को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। ट्रक चालक इमरान कागजात लेकर अधिकारियों के पास जा रहा था, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से इमरान सड़क पर गिर गया और ट्रक उसे रौंदता हुआ आगे निकल गया। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक एआरटीओ की खड़ी गाड़ी से जा टकराया, जिसकी चपेट में आने से परिवहन विभाग का एक सिपाही भी घायल हो गया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल इमरान को तत्काल रुद्रपुर के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। बाद में जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इमरान ट्रक में माल लोड कर काशीपुर से गोरखपुर जा रहा था। सूचना मिलने पर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं, परिवहन विभाग की ओर से भी फरार ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।