डॉक्टर दीपक छाबड़ा और उद्योगपति रोहिताश बत्रा के आवास पर आयकर विभाग की रेड को 36 घंटे पूरे, ईडी की मौजूदगी की भी चर्चा
रुद्रपुर से सटी बिलासपुर की बत्रा कॉलोनी में डॉक्टर दीपक छाबड़ा और उद्योगपति रोहिताश बत्रा के आवास पर आयकर विभाग की छापेमारी को 36 घंटे से अधिक समय बीत चुका है। सोमवार सुबह करीब सात बजे शुरू हुई इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चाएं बनी हुई हैं।
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की कार्रवाई के बीच अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों की मौजूदगी की भी जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि आयकर विभाग की टीम करीब 14 गाड़ियों से दोनों आवासों पर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान भी मौजूद रहे। छापेमारी के समय दोनों संबंधित व्यक्ति अपने-अपने काम से बाहर गए हुए थे, जिन्हें फोन कर वापस बुलाया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, बीते दिनों मेडिसिटी हॉस्पिटल से संबंधित एक डील हुई थी। इस डील को भी आयकर विभाग की कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल जांच की स्थिति, कार्रवाई में शामिल अन्य एजेंसियों की भूमिका और छापेमारी के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।



