रिपोर्ट: बादल गंगवार
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा विवाद अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। मंत्री रेखा आर्य की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के बाद फरार चल रहे उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को देहरादून पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
दरअसल, बीते 15 अक्टूबर को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने पति पर घरेलू हिंसा, मारपीट, मानसिक उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इसके अलावा अन्य महिलाओं से संबंध रखने के आरोप भी लगाए गए थे।
मंत्री की शिकायत के बाद गिरधारी लाल साहू ने भी सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखते हुए कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि जिस ऑडियो के आधार पर उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से तैयार किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। इसके साथ ही उन्होंने रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार और करीब 210 करोड़ रुपये की कथित बेनामी संपत्ति रखने के आरोप लगाते हुए संपत्ति की जांच कराने की मांग उठाई थी।
अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को चुनौती देते हुए गिरधारी लाल साहू ने उत्तराखंड हाईकोर्ट का रुख किया था। उन्होंने एफआईआर निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की थी। मामले में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से तीन दिन के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा था। हालांकि, अदालत से उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी और उनकी अग्रिम जमानत की मांग खारिज हो गई।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही गिरधारी लाल साहू पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे। उनकी तलाश में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लगातार दबिश दी जा रही थी। आखिरकार देहरादून पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की आगे की कार्रवाई और मामले में होने वाले खुलासों पर सभी की नजरें टिकी हैं।



