उत्तर प्रदेश: 20 हजार रिश्वत मांगने का आरोप लगा ठेकेदार ने कलेक्ट्रेट में उतारे कपड़े, मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 55 लाख रुपये का हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे एक ठेकेदार ने अचानक अपने कपड़े और जूते उतारकर राजस्व विभाग के एक लिपिक को सौंप दिए। ठेकेदार ने लिपिक पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। घटना के दौरान कलेक्ट्रेट में कर्मचारियों और लोगों की भीड़ जुट गई। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, ठेकेदार विनेश शुक्रवार को 55 लाख रुपये का हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित राजस्व विभाग पहुंचा था। यहां उसकी लिपिक से बातचीत हुई। ठेकेदार का आरोप है कि लिपिक ने प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की। इस पर उसने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया और अपने कपड़े व जूते उतारकर लिपिक को सौंप दिए।

ठेकेदार ने कहा कि उसके पास 20 हजार रुपये नहीं हैं और वह अपने कपड़े देने को तैयार है। उसने सवाल उठाया कि डेढ़ साल पहले हैसियत प्रमाण पत्र के लिए दो हजार रुपये की रसीद कटवाई थी, तो अब 20 हजार रुपये की रसीद कैसे हो गई।

लिपिक ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं, राजस्व विभाग में तैनात लिपिक कुलदीप कुमार ने ठेकेदार के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि 55 लाख रुपये के हैसियत प्रमाण पत्र के लिए नियमानुसार 20 हजार रुपये की लोकवाणी रसीद कटवाना अनिवार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार बिना रसीद कटवाए प्रमाण पत्र बनवाने का दबाव बना रहा था और इसी बात को लेकर उसने हंगामा किया।

गांधीगिरी या हंगामा, चर्चा में घटना

कलेक्ट्रेट में ठेकेदार द्वारा कपड़े उतारकर विरोध जताने की घटना को फिल्म ‘लगे रहो मुन्नाभाई’ की गांधीगिरी से जोड़कर देखा जा रहा है। फिल्म में भी रिश्वत मांगने पर एक बुजुर्ग व्यक्ति कपड़े उतारकर विरोध जताता है। हालांकि, मुजफ्फरनगर की इस घटना को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।