हल्द्वानी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत

हल्द्वानी। शहर के गोला बाईपास रोड पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 9:30 बजे इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में युवक के पैर का पंजा भी शरीर से अलग हो गया।

जानकारी के अनुसार, बाइक का चालक गोला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की पहचान प्रदीप निवासी जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में की है। पुलिस ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से भिजवाया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी और अन्य जरूरी सामान भी बरामद हुआ।

गौरतलब है कि गोला बाईपास रोड पर एक दिन पहले भी सड़क हादसा हुआ था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और मार्ग पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।