उत्तराखंड में 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के पिता के साथ फैक्टरी में काम करने वाले एक व्यक्ति ने रविवार रात घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार शहर कोतवाली क्षेत्र की एक बस्ती में बच्ची के पिता फैक्टरी में काम करते हैं। आरोप है कि रविवार रात उनके साथ फैक्टरी में काम करने वाला एक व्यक्ति घर में घुस आया और 11 माह की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर एम्स पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
वहीं, मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद से आरोपी फरार है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



