डॉक्टर दीपक छाबड़ा और उद्योगपति रोहिताश बत्रा के आवास पर आयकर विभाग की छापेमारी, इलाके में मचा हड़कंप

रुद्रपुर से सटी बिलासपुर की बत्रा कॉलोनी में सोमवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने बड़ी छापेमारी की। डॉक्टर दीपक छाबड़ा और उद्योगपति रोहिताश बत्रा के आवास पर सुबह करीब सात बजे से आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। टीम करीब 14 गाड़ियों से मौके पर पहुंची। आयकर विभाग की टीम के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान भी मौजूद हैं।

जानकारी के अनुसार, जिस समय टीम छापेमारी के लिए पहुंची, उस समय उद्योगपति रोहिताश बत्रा मॉर्निंग वॉक के लिए गए थे, जबकि डॉक्टर दीपक छाबड़ा जिम गए हुए थे। दोनों को फोन कर वापस बुलाया गया, जिसके बाद टीम ने उनके आवास पर जांच शुरू की। वहीं, विधायक शिव अरोड़ा भी सुबह से मौके पर मौजूद हैं। छापेमारी के चलते क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, बीते दिनों मेडिसिटी हॉस्पिटल से संबंधित एक डील हुई थी। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की कार्रवाई का संबंध इस डील से भी हो सकता है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल आयकर विभाग की टीम दोनों आवासों पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही छापेमारी के कारणों और जांच में सामने आए तथ्यों की आधिकारिक जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।