किच्छा में बेकाबू कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, तीन घायल

किच्छा। दरऊ चौक के पास रविवार रात एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां से दो की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे दरऊ चौक स्थित अरोरा हड्डी अस्पताल के सामने एक अनियंत्रित बलेनो कार ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक नबी अहमद के साथ ही सड़क किनारे खड़े नई सुनहरी निवासी देवेंद्र सिंह और लेखराज घायल हो गए।

हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर अपर उपनिरीक्षक जगदीश सिंह महर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ई-रिक्शा चालक नबी अहमद और देवेंद्र सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

अपर उपनिरीक्षक जगदीश सिंह महर ने बताया कि फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।