देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में गोकशी की घटनाओं का खुलासा करने में जुटी पुलिस को शनिवार देर रात बड़ी सफलता मिली। ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से तमंचा, कारतूस, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रेमनगर क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई गोकशी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की तलाश में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। शनिवार देर रात पुलिस टीम ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने पुलिस टीम को पिस्तौल दिखाकर भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया तो बदमाश दरू चौक से मीठीबेरी जाने वाले रास्ते पर टी-स्टेट के भीतर घुस गए।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वह मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी की पहचान इरशाद के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फरार आरोपी की पहचान शमीम के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में इरशाद ने अपने साथी शमीम के साथ मिलकर इसी महीने प्रेमनगर क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर गोकशी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस, पल्सर बाइक, एक कुल्हाड़ी, दो छुरियां और रस्सी बरामद की है।
मुठभेड़ की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की। फरार आरोपी शमीम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें टी-स्टेट और आसपास के जंगलों में कांबिंग अभियान चला रही हैं।



