ऊधमसिंह नगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर अवैध असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को सिडकुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तुर्कातिसौर रोड स्थित ईंट भट्टे के पास एक युवक अवैध तमंचा लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, तमंचा चालू हालत में था। गिरफ्तार युवक की पहचान योगेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सिडकुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार और कांस्टेबल सुनील चौहान शामिल रहे।



