स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, संचालिका समेत दो गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के सहस्त्रधारा रोड स्थित एक स्पा सेंटर में अनैतिक देह व्यापार का मामला सामने आया है। शनिवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और रायपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया। पुलिस ने स्पा सेंटर की संचालिका समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री और 3,740 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 नवंबर को एएचटीयू को सूचना मिली थी कि सहस्त्रधारा रोड पर एक स्कूल के पास स्थित सनराइज स्पा सेंटर में स्पेशल सर्विस के नाम पर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर एएचटीयू और रायपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर पर औचक छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर के एक कमरे में एक महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। तलाशी लेने पर मौके से आपत्तिजनक सामग्री और 3,740 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर की संचालिका कथित तौर पर ग्राहकों को विशेष सेवाएं उपलब्ध कराने के नाम पर देह व्यापार का संचालन कर रही थी।

रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि मामले में स्पा सेंटर की संचालिका सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।