उत्तराखंड में समझौते के बहाने घर बुलाकर युवक की गोली मारकर हत्या, फायरिंग के बाद मौके से भागे साथी

रिपोर्ट : मनीष ग्रोवर 

उत्तराखंड में फायरिंग कर 24 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। आरोप है कि विवाद के बाद समझौता करने के बहाने युवक को घर बुलाया गया, जहां तीन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और तमंचे से गोली मार दी। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी और उसके पिता व भाई समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार रुड़की पुलिस ने बताया कि, भगवानपुर निवासी सागर ने तहरीर में बताया कि उसका भाई आदित्य उर्फ आदि एक अक्तूबर की रात करीब नौ बजे अपने दोस्तों के साथ फाइनेंस का कलेक्शन करने भगवानपुर गया था। वहां फाइनेंस के काम को लेकर आदित्य का लक्की से विवाद हो गया। दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि कुछ देर बाद लक्की ने फोन कर आदित्य से समझौता करने की बात कही और उसे अपने घर बुलाया। इसके बाद आदित्य अपने दोस्तों के साथ लक्की के घर पहुंचा।

तहरीर के मुताबिक, घर के अंदर लक्की अपने भाई और पिता के साथ मौजूद था। आरोप है कि तीनों ने आदित्य को घर के अंदर बुलाया। इसी दौरान लक्की ने तमंचा निकालकर आदित्य को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि अपने पिता के कहने पर लक्की ने आदित्य के सिर पर तमंचे से गोली चला दी। गोली लगते ही आदित्य वहीं गिर गया, जबकि उसके साथी मौके से भाग निकले।

सूचना मिलने पर सागर मौके पर पहुंचा और अपने दोस्त के साथ आदित्य को मोटरसाइकिल से आरोग्यम अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लक्की, उसके भाई और पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।