किच्छा। मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। नई सुनहरी निवासी अमर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 30 सितंबर की रात करीब दस बजे वह आवश्यक कार्य से मेन मार्केट आया था।
वहां पहले से घात लगाए पोला, रवि और अनुज ने अन्य दो-तीन साथियों के साथ मिलकर उसे घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए बेल्ट, लात-घूसों और धारदार हथियारों से हमला कर उसे घायल कर दिया। वहां से गुजर रहे अमर के मित्र प्रदीप ने उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। अमर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
