उधमसिंह नगर : परिवार को घर पर ताला लगाकर बाहर जाना पड़ा भारी, लाखों के जेवरात की चोरी।

मीडिया ग्रुप, 13 अगस्त, 2022

गदरपुर। रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने परिवार के साथ मेरठ गए सभासद के घर पर चोरों ने धावा बोलकर कई तोले सोना और लाखों रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर लिया। जब सभासद परिवार के साथ घर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा देख उसके होश उड़ गये।

इस घटना से वार्डवासियो एवं पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में लगी है।

जानकारी के अनुसार गदरपुर निवासी सभासद अनीता पत्नी पूर्व सभासद ब्रिजेशअपने परिवार के साथ अपने भाई को राखी बांधने मेरठ गई हुई थी। राखी बांधने के बाद शुक्रवार को दोपहर अपने आवास पर पहुंची। जब वह मुख्य गेट का ताला खोलकर घर के अन्दर पहुंची तो घर का बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गये। घर में रखी दोनों अलमारियां खुली हुई थी और उसमें से सारा सामान गायब था।

इसी सूचना पति पूर्व स्भासद ब्रिजेश ने स्थानीय पुलिस को दी जिससे पुलिस में भी हड़कम्प मच गया। सूचना पर एसआई ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक गौरव जोशी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फूटेज को खंगालने में जुट गयी।

वहीं सभासद के परिजनों ने बताया कि चोर करीब 80 तोले सोना, 2 किलो चांदी करीब 5 लाख रुपये नगदी ले गये। इस घटना की सूचना से वार्डवासियों में भी हड़कम्प मचा हुआ है। सूचना पर पालिकाध्यक्ष गुलाम गौस, अधिशासी अधिकारी, विभिन्न वार्डो के सभासद, सहित काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गये।

इस घटना पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए शीघ्र खुलासे की मांग की। बताया जाता है कि अज्ञात चोर ठंडी नदी की तरफ से आये थे उनके पैरों के निशान भी देखे गये है जिससे चोरों की तीन-से चार की संख्या प्रतीत होती है। वहीं इस घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

इस दौरान सीओ ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। दोनों टीमें चोरों का पता लगाने में जुट गयी है।