रुद्रपुर में ई-रिक्शा चार्ज करते समय किशोर की मौत, चाचा ने दी हत्या की झूठी सूचना

उधमसिंह नगर। रुद्रपुर में ई-रिक्शा चार्ज करते समय करंट लगने से किशोर की मौत हो गई। मामले में किशोर के चाचा ने करंट लगाकर हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को दी। हालांकि, पुलिस की जांच में सूचना भ्रामक निकली। पुलिस के अनुसार, चाचा ने अपने भाई से रंजिश के चलते झूठी सूचना दी थी। पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

प्रीत विहार निवासी राकेश ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे उनका पुत्र ई-रिक्शा को चार्जिंग पर लगा रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और ई-रिक्शा से चिपक गया। पिता ने किसी तरह उसे छुड़ाया और जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद उसे गौतम अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में स्वजन शव को घर ले आए।

देर रात करीब 12:50 बजे पुलिस को सूचना मिली कि किशोर की करंट लगाकर हत्या कर दी गई है। सूचना पर रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक धीरज टम्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मकान मालिक और पड़ोसी से पूछताछ की। दोनों ने ई-रिक्शा चार्ज करते समय करंट लगने से किशोर की मौत होने की बात कही।

एसएसआइ महेश कांडपाल ने बताया कि सूचना देने वाला किशोर का चाचा नशे की हालत में मिला। उसे थाने लाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। पूछताछ में उसने अपने भाई से रंजिश के चलते झूठी सूचना देने की बात बताई। पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपा जाएगा।