रुद्रपुर : छह प्रतिष्ठानों पर राज्य कर विभाग की छापेमारी, 1.55 करोड़ रुपये जमा कराया

रिपोर्ट : बादल गंगवार 

उधमसिंह नगर में कर चोरी के खिलाफ राज्य कर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर में एक साथ छह प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। आयुक्त कर प्रतीक जैन के निर्देश पर एसआईबी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच) की टीम ने यह कार्रवाई की। जांच के दौरान बड़े पैमाने पर कर अपवंचन का मामला सामने आया, जिसके बाद मौके पर ही 1.55 करोड़ रुपये का राजस्व जमा कराया गया।

संयुक्त आयुक्त श्याम तिरुवा के नेतृत्व में गठित टीम ने ऑटो सेक्टर से जुड़े पांच बड़े सप्लायर और एक नामी रियल एस्टेट डेवलपर के प्रतिष्ठानों पर जांच की। कार्रवाई में उपायुक्त मो. इसहाक खान, सहायक आयुक्त डॉ. रिकेन सिंह, अमर कुमार, राज्य कर अधिकारी मुकेश पांडे, विश्वजीत सिंह बिष्ट, आकांक्षा बोरा और निशा बिष्ट शामिल रहे। राज्य कर विभाग ने स्पष्ट किया कि कर चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।