रुद्रपुर और पंतनगर में रविवार को बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, यूपीसीएल ने जारी किया शटडाउन शेड्यूल

रुद्रपुर। दीपावली पर्व पर सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत उपकेंद्रों में आवश्यक अनुरक्षण कार्य किया जाएगा। इसके चलते रविवार, 25 अक्टूबर को रुद्रपुर और पंतनगर के कई क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति पूर्ण या आंशिक रूप से बाधित रहेगी। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के विद्युत वितरण खंड रुद्रपुर की ओर से इस संबंध में सूचना जारी की गई है।

जारी सूचना के अनुसार, 132 केवी उपकेंद्र रुद्रपुर से संबंधित 33/11 केवी भदईपुरा उपकेंद्र के अंतर्गत पहाड़गंज, दूधिया नगर, खेड़ा, भदईपुरा, शांति कॉलोनी, प्रीत विहार, लोक विहार, बगवाड़ा, शिमला बहादुर, इंडस्ट्रियल एरिया, मल्सी, सर्किल, रामपुरा, भूतबंगला, दरियानगर, संजय नगर, राजा कॉलोनी, मेडिसिटी, गौतम अस्पताल, इम्पीरियल ग्रीन, रामनगर और भमरौला सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

वहीं, 220 केवी उपकेंद्र सिडकुल पंतनगर से संबंधित क्षेत्रों में भी विद्युत कटौती की जाएगी। इसके तहत सिडकुल पंतनगर के सेक्टर-2, 3, 4, 5, 6, 7, 9 और 11 तथा आईआईडीसी से पोषित 33 केवी और 11 केवी फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इनमें ओमेक्स, मेट्रोपोलिस, रेडिसन होटल, आर्चिड प्लाई, रामा पैनल, टी0 वी0 एस0 श्रीचका और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, 33/11 केवी मटकोटा एवं गंगापुर उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। इनमें कलेक्ट्रेट, जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, जिला अस्पताल, आवास विकास, ट्रांजिट कैंप, खेड़ा, शिवनगर, सिविल लाइन, डॉ. कॉलोनी, घास मंडी, आदर्श कॉलोनी, छतरपुर, जगतपुर नंबर 1, 2, 3, 4 और 5, पुलिस लाइन, पीएसी, इंद्रपुर और गंगापुर क्षेत्र शामिल हैं।

यूपीसीएल ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था रखें और इन्वर्टर व जनरेटर चलाते समय उन्हें ग्रिड लाइन से अलग रखें, ताकि बैक फीडिंग के कारण किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।