रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने के आरोप में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने एक इमिग्रेशन कार्यालय संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वीजा और वर्क परमिट के जरिए विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर रुपये लेने और जरूरी दस्तावेज वापस नहीं करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कार्यालय को सील कर दस्तावेज भी कब्जे में लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को थाना पुलभट्टा निवासी शमशेर ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात मो. अलीम से हुई थी। आरोपी ने उनके पुत्र को वीजा और वर्क परमिट के जरिए विदेश में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था।
आरोप है कि शमशेर ने अपने पुत्र की कंप्यूटर डिप्लोमा मार्कशीट, पासपोर्ट और 20 हजार रुपये आरोपी को सौंपे थे। इसके बावजूद न तो उनके पुत्र को विदेश भेजा गया और न ही वीजा, परमिट व शैक्षणिक दस्तावेज वापस किए गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मो. अलीम को चार साहिबजादे चौक, आवास विकास, रुद्रपुर स्थित उसके कार्यालय जेड ग्लोबल कैरियर इमिग्रेशन सर्विस से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के लिए किसी व्यक्ति या इमिग्रेशन एजेंसी को रुपये देने से पहले उसकी विश्वसनीयता और आवश्यक पंजीकरण की जांच अवश्य करें। धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा और हेड कांस्टेबल मनोज बोरा शामिल रहे।



