रुद्रपुर। दिनेशपुर थाना क्षेत्र में एक शिक्षण संस्थान की छह छात्राओं से छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने छात्राओं के नाम, पते, मोबाइल नंबर और फोटो जैसी निजी जानकारी साझा कर उन्हें निशाना बनाया। मुख्य आरोपी को नेपाल सीमा की ओर फरार होने की कोशिश के दौरान बनबसा से गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 23 अक्टूबर को मामला सामने आने के बाद दिनेशपुर थाना पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले आरोपी बिलाल ने छह छात्राओं की निजी जानकारी अपने साथी अनस के साथ साझा की थी।
आरोप है कि इसके बाद छात्राओं के खिलाफ अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। उनके साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौच करने के साथ शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दी गईं। आरोपियों पर गला काटने और तेजाब फेंकने की धमकी देने का भी आरोप है।
एसएसपी के मुताबिक, मुख्य आरोपी अनस के फरार होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे नेपाल सीमा के निकट बनबसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी बिलाल को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दोनों मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अब मोबाइल फोन में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि छात्राओं की निजी जानकारी आरोपियों तक कैसे पहुंची और इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है।



