पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाले की गोली मारकर हत्या।

मीडिया ग्रुप, 29 मई, 2022

पंजाब के गायक सिद्धू मूसेवाला की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मूसेवाला पर मनसा के जवाहरके गांव के पास फायरिंग हुई थी। घटना के बाद मूसेवाला को गंभीर हालत में मनसा के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि मूसेवाला को गैंगस्टरों से धमकियां मिली थी। इसके बावजूद पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए एक दिन पहले ही मूसेवाला समेत 424 VIP की सुरक्षा वापस ली थी।

मूसेवाला ने पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर आम आदमी पार्टी के विजय सिंगला के खिलाफ चुनाव भी लड़ा था। विजय सिंगला ने मूसेवाला को मनसा सीट से 63,323 वोट से हराया था।

17 जून 1993 को जन्मे शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ ​​सिद्धू मूसेवाला मनसा जिले के मूसा वाला गांव के रहने वाले थे। मूसेवाला की लाखों में फैन फॉलोइंग है और वह अपने गैंगस्टर रैप के लिए लोकप्रिय थे। सिद्धू मूसेवाला की मां गांव की सरपंच थीं। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की थी। उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों में म्यूजिक सीखा और बाद में कनाडा चले गए।

मूसेवाला को सबसे विवादास्पद पंजाबी गायकों में से भी जाना जाता है, जो खुलेआम बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देते थे, उत्तेजक गीतों में गैंगस्टरों का महिमामंडन करते थे। जिसे लेकर भी वह चर्चा में रहते थे।