उधमसिंह नगर : किशोरी को अगवा कर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार।

मीडिया ग्रुप, 13 मई, 2022

रुद्रपुर। किशोरी को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक 27 अप्रैल को ट्रांजिट कैंप, आजादनगर से एक बच्ची को अगवा कर लिया गया था।

परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। 29 अप्रैल को मासूम अपने घर लौट आई थी। इसका पता चलते ही पुलिस ने मासूम के बयान दर्ज कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। साथ ही पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपित की तलाश शुरू कर दी थी।

बताया जा रहा है कि बुधवार को पीड़िता ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में आरोपित युवक को देख लिया था। इसकी भनक लगते ही पुलिस पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से आरोपित को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम अर्जुन मिश्रा निवासी बरेली बताया।

बताया कि वह एक माह पहले ही ट्रांजिट कैंप आया था और अपनी बहन के घर रह रहा था। वह सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम कर रहा है। पूछताछ में उसने बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।