उत्तराखंड : बदरीनाथ धाम में जीएमवीएन के रिजनल मैनेजर की हृदय गति रूकने से मौत।

मीडिया ग्रुप, 13 मई, 2022

चमोली। बदरीनाथ धाम में गढवाल मंडल विकास निगम के रिजनल मैंनेजर पान सिंह बिष्ट का हृदय गति रूकने से निधन हो गया है। बदरीनाथ धाम में अब तक मरने वालों की संख्या छह पहुंच गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से चमोली निवासी पान सिंह बिष्ट का शुक्रवार की सुबह हृदय गति रूकने से निधन हो गया। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ भेजा गया है और फिर परिवार को सौंपा गया।

बता दें तीन मई को गंगोत्री व यमुनोत्री धााम के कपाट खुलने के साथ ही चारधााम यात्रा शुरू हुई थी। चार धाम यात्रा के दौरान अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पहले यमुनोत्री में दो श्रदालुओं की मौत हुई। एक यात्री की मौत हार्ट अटैक से तो दूसरे यात्री की मौत पैर फिसलने से हुई थी।

चार धाम यात्रा के दौरान हो रही मौतों के बाद व्यवस्थाओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। जिस पर पीएमओ ने भी बीते दिनों संज्ञान लेकर सरकार से रिपोर्ट मांगी थी। साथ ही चारधाम यात्रा में तीर्थ यात्रियों की मदद के लिए केन्द्र ने एनडीआरएफ की टीम भी भेजी है। साथ ही आईटीबीपी के जवानों को भी तैनात किया गया है।