उधमसिंह नगर : चिकित्सक के घर में लाईसेंसी रिवाल्वर सहित लाखों की चोरी।

मीडिया ग्रुप, 10 मई, 2022

रुद्रपुर। शहर की सिटी वन कालोनी में अज्ञात चोरों ने चिकित्सक के घर में धावा बोलकर लाखों की नगदी और जेवर और लाईसेंसी रिवाल्वर उड़ा ली। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और छानबीन शुरू की।

जानकारी के मुताबिक निजी चिकित्सक रमेश कुमार सिटी वन कालोनी में पत्नी के साथ रहते हैं। उनका आवास विकास में क्लिीनिक हैं जिसे उनका पुत्र संचालित करता है।

सोमवार शाम को रमेश कुमार विश्वास घर में ताला लगाकर पत्नी के साथ आवास विकास में पुत्र के घर चले गये थे। मंगलवार सुबह जब वापस सिटी वन कालोनी अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए।

घर के भीतर सारा सामान बिखरा हुआ था, अलमारी खुली हुई थी। घर में रखी 2.30 लाख की नगदी के अलावा करीब आठ लाख रूपये के जेवर और लाईसेंसी रिवाल्वर गायब थी। उन्होंने सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर एसआइ महेश कांडपाल पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। चोरों का पता लगाने के लिए आस पास के सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।