उत्तराखंड : सीएम धामी के हेलीकॉप्टर की पंतनगर में इमरजेंसी लैंडिंग।

मीडिया ग्रुप, 10 मई, 2022

पंतनगर। अचानक मौसम खराब होने से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हैलीकॉप्टर की पंतनगर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की गयी। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी गीता धामी भी मौजूद थी। बता दें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल अपना नामांकन दाखिल करने के लिए चंपावत गये थे। नामांकन के बाद उन्होंने कल खटीमा में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

आज सुबह वह अपनी पत्नी गीता धामी के साथ वापस देहरादून लौट रहे खटीमा से जब हैलीकॉप्टर देहरादून के लिए रवाना हुआ तभी कुछ देर बाद अचानक तेज हवायें चलने लगी और बारिश शुरू हो गयी।

जिसके चलते मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की पंतनगर में इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जिले के आला अधिकारी पंतनगर पहुंच गये।

मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लेंडिंग के बाद पार्टी के कई लोग भी पंतनगर पहुंच गये। पंतनगर में विश्राम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की जानकारी ली। बाद में मौसम साफ होने पर मुख्यमंत्री देहरादून के लिए रवाना हुए।