उधमसिंह नगर : खेत से मिट्टी उठाने को लेकर दो पक्षों में ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की हालत गंभीर।

मीडिया ग्रुप, 10 मई, 2022

काशीपुर। कुुंडा थाना क्षेत्र के गांव भरतपुर में देर रात खेत से मिट्टी उठाने को लेकर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया जहांउसकी हालत को नाजुक देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए उनकी गिरफतारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस को दी तहरीर में थाना कुंडा निवासी अनूप सिंह ने बताया कि बीती रात्रि लगभग 9.30 बजे उसे अपने मुंशी जोगा सिंह को गांव के समीप स्थित खेत पर मिट्टी देखने के लिए भेजा था।

आरोप है कि इसी दौरान वहां जगरूप सिंह, सतनाम सिंह व गुरप्रीत सिंह असलहों से लैस होकर तीन-चार अज्ञात लोगों के साथ मौके पर आ धमके तथा जोगा से गाली-गलौच करने लगे। कहा कि खेत से यदि मिट्टी उठाई तो मौत के घाट उतार दिया जायेगा।

इस दौरान जब मुंशी ने शिकायतकर्ता को फोन कर घटना की जानकारी देते हुए उसे मौके पर बुलाया तो बीच-बचाव करने के एवज में जगरूप व गुरप्रीत ने लाईसेंसी असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

गोलीकांड की इस घटना में जोगा सिंह के सिर में गोली लगने के कारण वह घायल हो गया। इस दौरान वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भागा। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने पर जब जोगा सिंह की पत्नी मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए मारपीट की तथा उसके कपड़े फाड़ दिये।

पुलिस ने गोलीकांड की इस घटना में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर उपरोक्त सभी आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्तों की गिरफतारी के प्रयास शुरू कर दिये हैं।