दिनदहाड़े मोबाइल कारोबारी के घर में एक करोड़ की चोरी, मुकदमा दर्ज।

मीडिया ग्रुप, 23 अप्रैल, 2022

आगरा के जयपुर हाउस में चोरों ने मोबाइल कारोबारी नितिन की कोठी को निशाना बना लिया। शनिवार को दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर डेढ़ किलो सोने के जेवरात और 22 लाख रुपये चोरी कर ले गए। कारोबारी नितिन ने बताया कि उनका संजय प्लेस में मोबाइल का शोरूम है। उनके परिवार में शनिवार को धार्मिक आयोजन था। दोपहर में 12:30 बजे वह परिवार सहित गए थे।

वह शाम को करीब 4:30 बजे लौट कर आए। देखा कि घर में सामान बिखरा पड़ा है। अंदर कमरे का गेट टूटा हुआ था। अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। लॉकर तोड़कर चोर उसमें रखे 78 लाख के जेवरात और 22 लाख रुपये नगदी चोरी करके ले गए। चोरों ने घर के अंदर जंगला तोड़कर प्रवेश किया था। कारोबारी ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। आशंका है कि किसी ने रेकी करके वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरों के बारे में सुराग तलाश रही है। जयपुर हाउस पॉश कॉलोनी है। यहां दोपहर के समय आसपास कोई निकलता नहीं है। इसका चोरों ने फायदा उठाया। चोर खिड़की से घर में घुसे थे।