सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर बवाल, 12 पुलिसकर्मी घायल, 40 गिरफ्तार

मीडिया ग्रुप, 18 अप्रैल, 2022

कर्नाटक। धारवाड़ जिले के पुराने हुबली में कथित विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हिंसा भड़क गई। पुराने हुबली पुलिस थाने और हनुमान मंदिर पर शनिवार रात भीड़ ने पथराव कर दिया। इसमें 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 40 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करने के साथ ही आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। फिलहाल शहर में निषेधाज्ञा लागू है। हुबली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त लाभु. राम ने कहा कि करीब चालीस लोग गिरफ्तार हुए हैं और छह एफआईआर दर्ज हुई हैं।

हमारे ड्यूटी पर तैनात 12 अधिकारी पथराव में घायल हुए हैं। पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई है। हमने सारे एहतियाती कदम उठाए हैं ताकि दोबारा ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। जिन्होंने कानून को अपने हाथ में लिया है, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस आयुक्तलाभु राम ने बताया, एक शख्स ने सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाते हुए एक आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किया था, जिस पर अन्य लोगों ने आपत्ति जताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने उस लड़के के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था।

लेकिन कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होने के कारण आधी रात को बड़ी संख्या में शिकायत देने वाले लोग पुलिस थाने के बाहर जमा हुए और हंगामा करने लगे। देखते-देखते वे हिंसक हो गए। पुलिस आयुक्त लाभु राम ने कहा कि ट्रक में लदे पत्थर और ईंटों का अपराध में इस्तेमाल किया गया।

मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने घटना को सुनियोजित हमला बताया और कहा कि जो भी संगठन इस घटना के पीछे है उन्हें यह जानना चाहिए कि सरकार ऐसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा, जिस किसी ने भी भीड़ को हमले के लिए भड़काने का काम किया उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं, राज्य के गृहमंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने कहा कि पुलिस स्टेशन के बाहर इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जमावड़े साफ है कि यह सुनियोजित साजिश थी।