ऊधमसिंह नगर : तीन दिन से लापता 23 वर्षीय युवक की हत्या से परिजनों में कोहराम, पुलिस ने शव कब्जे में लिया।

मीडिया ग्रुप, 24 मार्च, 2022

नानकमत्ता। पिछले करीब 3 दिनों से लापता इलेक्ट्रिशियन युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो महिलाएं उसे उपचार के लिए गंभीर हालत में चिकित्सालय ले गई थी। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने चिकित्सालय पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर चिकित्सालय पहुंचे परिजनों ने पुत्र की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किये जाने का संदेह व्यक्त किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जाता है मृतक युवक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम किशनपुर निवासी 23 वर्षीय बलदेव सिंह यहां इलेक्ट्रिक की दुकान पर रिपेयरिंग का काम करता था और अपने दोस्त के साथ किराए के कमरे में रहता था। परिजनों का कहना था कि पुत्र बलदेव पिछले तीन-चार दिन से लापता था जिसकी सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही थी। उसके किराए के कमरे में ताला लगा हुआ था।

बताया जाता है आज दो महिलाएं टुकटुक वाहन में सवार होकर बलदेव सिंह को गंभीर रूप से घायल अवस्था में चिकित्सालय ले गई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने चिकित्सालय पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक जानकारी लेने के बाद परिजनों को मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिजन चिकित्सालय आ पहुंचे जहां बलदेव सिंह का शव देखकर उनमें कोहराम मच गया। परिजनों का कहना था कि मृतक पुत्र बलदेव के सिर पर चोट के निशान मौजूद थे। उधर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

परिजनों ने घटना की तहरीर पुलिस को सौंप दी है। जिसमें उन्होंने अज्ञात व्यक्ति द्वारा पुत्र की हत्या करने का संदेह व्यक्त किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की हर बिंदुओं से जांच शुरू कर दी गई है और शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।