उत्तराखण्ड : देश में आज प्रधानमंत्री न होकर राजा हो गया है जिसने एक वर्ष तक किसानों को सड़क पर ठण्ड में खड़ा रखा- राहुल गांधी।

मीडिया ग्रुप, 05 फरवरी, 2022

किच्छा। उत्तराखण्ड में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी ने आज कांग्रेस उत्तराखण्डी किसान स्वाभिमान जनसंवाद के दौरान किसानों को बधाई देते हुये कहा कि देश के किसानों ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पत्थर की तरह अडिग खड़े होकर, ठण्ड, कोविड में एक वर्ष तक संघर्ष किया।

श्री राहुल किच्छा में स्थित अनाज मण्डी में किसानों और क्षेत्रीय जनता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान पिछले कई वर्षो से देश व समाज को रास्ता दिखाते रहे है। अंग्रेजों से वास्तविक लड़ाई किसानों ने ही लड़ी है। कांग्रेस ने किसानों के साथ मिलकर देश में हरित क्रांति लाई।

उन्होंने कहा कि देश का किसान हिन्दुस्तान की सच्चाई से पीछे हटने वाला नही है और इस सच्चाई को केन्द्र की भाजपा सरकार को भी समझाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज हिन्दुस्तान दो भागों में बंटा हुआ है। एक है अमीरों का हिन्दुस्तान जिसमें शामिल करीब 100 लोगों को कानून से कुछ लेना देना नही है। उन्हें हर काम करने की पूरी छूट है। ऐसे अमीर लोगों के पास देश का करीब 40 प्रतिशत से ज्यादा धन इकठ्ठा है।

वही एक हिन्दुस्तान गरीबों, किसानों और मजदूरों का है, जो रोजगार के लिये भटक रहे है, उनकी जमीनें छीनी जा रही है। पेट्रोल-डीजल के दाम और महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हम न्याय चाहते है। कांग्रेस पार्टी किसानों, गरीबों और मजदूरों के साथ हमेशा खड़ी रही है। राहुल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के शासन काल में किसान व सरकार की बीच पार्टनरशिप थी। प्रधानमंत्री के दरवाजे ऐसे लोगों के लिये हमेशा खुले रहते थे और उनकी हर समस्या का समाधान भी किया जाता था।

राहुल गांधी ने कहा देश में आज प्रधानमंत्री न होकर राजा हो गया है, जो किसी की बात नही सुनता। वह देश को राजा की तरह चलाता है। देश का किसान ठण्ड में सड़कों पर आन्दोलन करता है लेकिन राजा न तो उनसे बात करने की कोशिश करता है और न ही उन्हे अपने आफिस बुलाता है और वह सिर्फ निर्णय लेकर जनता को चुप कराता है। इसके खिलाफ जो आवाज उठाता है, उसका अलग-अलग ढंग से उत्पीड़न किया जाता है।

उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस सरकार के दौरान किसानों का 70 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया गया लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने एक वर्ष तक किसानों को सड़क पर ठण्ड में खड़ा रखा। कांग्रेस यह वादा करती है कि देश के किसानों, गरीबों और मजदूरों के साथ ऐसा कभी नही होगा। इस दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भी किसानों से संवाद कर आगामी चुनाव में किसानों से समर्थन मांगा।

इस दौरान किच्छा से प्रत्याशी तिलक राज बेहड, रुद्रपुर से मीना शर्मा, सितारगंज से नवतेज पाल सिंह, नानकमत्ता से गोपाल सिंह राणा, खटीमा से भुवन कापड़ी, गदरपुर से प्रेमानंद महाजन, बाजपुर से यशपाल आर्य, जसपुर से आदेश चैहान, काशीपुर से नरेंद्र चन्द्र, हल्द्वानी से प्रत्याशी सुमित ह्रदयेश, कालाढूंगी से प्रत्याशी महेश शर्मा, नैनीताल से संजीव आर्य, लालकुआं से पूर्व सीएम हरीश रावत, रामनगर से डा महेंद्र पाल आदि प्रत्याशी उपस्थित थे।

इसके अलावा जिला कार्यवाहक हिमांशु गाबा, रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, किच्छा पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली, गणेश उपाध्याय, गुलशन सिंधी, सरवरयार खान, पुष्कर राज जैन, संजीव कुमार सिंह, राजेश प्रताप सिंह, अरुण तनेजा, अशोक सिडाना, फिरदौस सलमानी, फजील खान, दिलीप बिष्ट, जगरुप सिंह गिल, अजविंदर सिंह, राकेश खुराना, सुरेश पपनेजा, नारायण सिंह बिष्ट, विजय यादव, नजाकत खान, फिरासत खान, बलजीत सिंह, प्रकाश जोशी आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।