ऊधमसिंह नगर : भाजपा की महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसान, व्यापारी और महिला विरोधी नीतियों से परेशान जनता सिखायेगी सबक- मीना शर्मा।

मीडिया ग्रुप, 05 फरवरी, 2022

रूद्रपुर। कांग्रेस प्रत्याशी मीना शर्मा के प्रचार अभियान ने जोर पकड़ लिया है। रम्पुरा और शांति विहार कालोनी में कांग्रेस प्रत्याशी ने धुंआधार प्रचार किया। इस दौरान मीना के समर्थन में भारी संख्या में जुटे लोगों ने इस बार मीना शर्मा को विधायक बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर तमाम लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ली।

जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाओं में मीना शर्मा ने कहा कि रूद्रपुर की जनता को इस बार सही और गलत का फैसला करना है। धनबल और बाहुबल की राजनीति करने वालों को सबक सिखाने का वक्त आ गया है। इस बार रूद्रपुर की जनता न्याय करेगी इसका उन्हें पूरा भरोसा है।

उन्होंने कहा महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसान, व्यापारी और महिला विरोधी नीतियों से परेशान जनता इस सरकार को उखाड़ फैंकने के लिए बेताब है। मीना शर्मा ने कहा पिछले दस वर्षों में रूद्रपुर विकास की दृष्टि से पिछड़ चुका है। भाजपा के नेताओं ने जनता के हितों को छोड़कर सिर्फ अपना विकास करने पर ध्यान दिया है।

मीना शर्मा ने कहा कि कि रूद्रपुर में अमन चैन और शांति के साथ ही क्षेत्र की समृद्धि और खुशहाली के लिए अब विधायक को बदलने का वक्त आ गया है।